छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग ने निगरानी दल गठित किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग ने निगरानी दल गठित किया है। यह दल खाद-बीज दुकानों की आकस्मिक जांच कर रहा है। अब तक जिले की 16 दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 5 दुकानों में अनियमितताएं पाए जाने पर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार, किसानों को रासायनिक उर्वरक उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद, बीज और कीटनाशक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। टीम ने पिछले दो दिनों में अलग-अलग क्षेत्रों की 16 दुकानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान गोयल फर्टिलाइजर रायगढ़, मेसर्स किसान इंटरप्राइजेज रायगढ़, अन्नपूर्णा खाद भंडार धरमजयगढ़, विक्की खाद भंडार सूपा (पुसौर) और नरेश ट्रेडर्स सेमरा (पुसौर) में अनियमितताएं पाई गईं। कहीं स्टॉक का संधारण सही तरीके से नहीं मिला, तो कहीं मूल्य सूची का प्रदर्शन नहीं किया गया था।

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए सभी 5 दुकानों के संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही उन्हें जल्द से जल्द व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

लगातार निरीक्षण किया जाएगा

जिले में खाद भंडारण और वितरण पर कड़ी निगरानी रखने के लिए जिला स्तरीय दल का गठन किया गया है। इस दल के नोडल अधिकारी सहायक संचालक कृषि हिन्द कुमार भगत को बनाया गया है, जिनके निर्देशन में उर्वरक विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जाएगा।

शिकायत पर होगी तत्काल कार्रवाई

इसके साथ ही किसानों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कृषि विभाग द्वारा कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। किसान टोल फ्री नंबर 07762-220213 पर कार्यालयीन समय में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई किए जाने की बात कही है।