छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश में कमीशन लेकर छोटे नोट सप्लाई किए जा रहे

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश में कमीशन लेकर छोटे नोट सप्लाई किए जा रहे हैं। बिलासपुर में बेलगहना पुलिस और ACCU टीम ने एक कारोबारी को 17.90 लाख कैश के साथ गिरफ्तार किया है। जिसमें 10, 20 और 50 रुपए के नए नोटों की 81 गड्डियां शामिल है। आरोपी इन छोटे नोटों को कटनी, शहडोल और आसपास के व्यापारियों के यहां खपाता था।

हर बंडल पर आरोपी को 200 से 1000 रुपए तक कमीशन मिलता था। मामला बेलगहना थाना इलाके का है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन बजाज (35) के रूप में हुई है। वह बिलासपुर के कश्यप कॉलोनी का रहने वाला है। युवक तांबा-पीतल स्क्रैप का कारोबार करता है। इस वजह से उसका बैकों में आना-जाना रहता है। इसी माध्यम से वह बैंक अफसरों से परिचय बढ़ाकर नोट खपाने का अवैध धंधा करने लगा।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, वह इन छोटे नोटों की गड्डियों को कमीशन पर सप्लाई करता था। हर बंडल पर उसे 200 से 1000 रुपए तक का कमीशन मिलता था। वह शहर के साथ-साथ जिले के बैंकों के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क कर नोट जुटाता था।

सूटकेस और पिट्ठू बैग में पैसे लेकर घूम रहा था

बुधवार रात को बेलगहना पुलिस और ACCU टीम इलाके में पेट्रोलिंग और जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति 2 सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में घूम रहा है।

नोट खपाने के लिए जा रहा था MP

मामले की सूचना SSP रजनेश सिंह को दी गई। उनके निर्देश पर टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। युवक ने पुलिस को बताया कि वह बैंकों से करेंसी नोटों को इकठ्ठा कर MP के कटनी, शहडोल और आसपास के व्यापारियों के यहां खपाता था। इन नोटों को कहां से लाया था, इसकी जानकारी नहीं दे पाया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।