छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और उसे गर्भवती करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 13 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, कक्षा 8वीं में पढ़ने वाली पीड़िता को आरोपी मंगल सिंह यादव ने बहला-फुसलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
नाबालिग को जान से मारने की धमकी देता था आरोपी
आरोपी ने नाबालिग को यह बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। धमकी के कारण छात्रा लंबे समय तक चुप रही। हालांकि, जब उसकी तबीयत बिगड़ी और जांच में उसके गर्भवती होने का पता चला, तब यह मामला सामने आया।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मरवाही पुलिस ने आरोपी मंगल सिंह यादव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), एट्रोसिटी एक्ट (SC/ST Act) और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में रोष व्याप्त है और स्थानीय लोग आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।