
यह घटना सोमवार देर शाम की है। पुलिस के अनुसार, प्रदीप ने पहले अपने पिता लल्लू को धक्का दिया, जिससे वे जमीन पर गिर गए। इसके बाद उसने लात-घूंसों और डंडे से लल्लू की पिटाई की। पिता के बेहोश होने पर प्रदीप उन्हें घर के अंदर ले गया और सुला दिया, जिसके कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
मंगलवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया। मौत संदेहास्पद होने के कारण अंबिकापुर से एफएसएल टीम बुलाई गई। बुधवार को एफएसएल टीम की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टरों ने शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि की।
टमाटर फसल खराब होने पर मार डाला
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर संदेही बेटे प्रदीप खलखो को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में प्रदीप ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने गांव में टमाटर की खेती के लिए पौधे लगाए थे और उसकी देखरेख की जिम्मेदारी पिता लल्लू को दी थी। लेकिन, पिता शराब पीकर खेत का ध्यान नहीं रखते थे, जिससे मवेशियों ने टमाटर की फसल खराब कर दी।
प्रदीप ने यह भी बताया कि इससे पहले भी उसने चने की फसल लगाई थी और पिता को देखरेख के लिए कहा था। उस समय भी पिता की लापरवाही के कारण चने की फसल को मवेशियों ने खा लिया था। बार-बार फसल के नुकसान से गुस्सा होकर प्रदीप ने पिता के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई।