
गिरफ्तार आरोपियों में गुढ़ियारी के राजा साहू और अभय साहू, खमतराई के मंजीत सिंह, आजाद चौक के रोहित मोटवानी और हरीश सकलेचा, और पुरानी बस्ती के आकाश सिन्हा शामिल हैं।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने बताया, कि पुलिस को 10 अप्रैल को सूचना मिली थी कि थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना पर रेड मारी गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से राजा साहू और अभय साहू को पकड़ लिया। उनके मोबाइल की जांच में पता चला कि वे ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट की मास्टर आईडी के जरिए सट्टा चला रहे थे। आरोपी खिलाड़ियों को आईडी देकर कमीशन लेते थे और फोन कॉल के जरिए क्रिकेट मैच पर दांव लगवाते थे।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे मंजीत सिंह और रोहित मोटवानी के लिए काम करते हैं। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई कर हिस्ट्रीशीटर मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा और आकाश सिन्हा को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मंजीत सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास और जुआ एक्ट समेत पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
ऑनलाइन साइट-पट्टी के माध्यम से चल रहा था सट्टा
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा साइट्स के अलावा “पट्टी” के माध्यम से भी सट्टा चला रहे थे। आरोपी रोहित मोटवानी और हरीश सकलेचा ऑफलाइन सट्टा संचालन में भी सक्रिय थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 9,05,238 रुपए नगद, 8 मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी, कैलकुलेटर और पेन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपए बताई जा रही है।
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और जांच जारी है।