छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में बसंतपुर पुलिस ने एक झपटमारी के बड़े मामले को महज 3 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। आरोपी ने जमीन दिखाने और पैसे दोगुने करने का लालच देकर एक व्यक्ति से 1.75 लाख रुपए से भरा बैग छीन लिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के साल्हेकसा निवासी जयराम नागपुरे अपने साथी के साथ जमीन खरीदने के लिए राजनांदगांव आए थे। आरोपी मनोज जोशी उर्फ अमित हट्टेवार (34 वर्ष) ने उन्हें जमीन दिखाने के बहाने मोहारा बुलाया था।
प्रार्थी जयराम नागपुरे जमीन के एडवांस के लिए अपने काले बैग में 1,75,000 रुपए लेकर आरोपी का इंतजार कर रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे जब आरोपी वहां पहुंचा, तो उसने बातचीत के दौरान जयराम को असली नोटों के बदले नकली नोट दोगुने करने का लालच दिया। इसी बीच मौका पाकर आरोपी ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया और हाईवे की ओर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और घेराबंदी कर चिखली निवासी आरोपी मनोज जोशी को मात्र 3 घंटे के भीतर धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के पास से छीने गए 1,75,000 रुपये और काला बैग पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेशानुसार, आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया है।