
मामला सिविल लाइन पुलिस थाना इलाके का है। आरोपी की पहचान दिल्ली ईस्ट निवासी रितिक पसरिचा (26) के रूप में हुई है, जो कि रायपुर के शंकर नगर स्थित अशोका हाईट्स में किराए के मकान में रहता है। उसके पास से 2.87 किलो नार्मल गांजा, इलेक्ट्रानिक तराजू और मोबाइल समेत कई सामान भी पुलिस ने बरामद किया है। कुरियर के जरिए रायपुर में गांजे की सप्लाई हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी शनिवार को कटोरा तालाब इलाके में हाईक्वालिटी गांजा की सप्लाई करने पहुंचा था। इसकी जानकारी पुलिस को मिली, तो पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
उसके बैग की तलाशी लेने के दौरान पुलिस ने गांजा समेत कई सामान को बरामद किया है। जिसकी कीमत 3.62 लाख रुपए बताई जा रही है।
लंबे समय से था एक्टिव
आरोपी ने पूछताछ में कुछ दिन पहले ही जुड़कर गांजा बेचने की बात स्वीकार की है। लेकिन जांच अधिकारियों का कहना है कि, आरोपी लंबे समय से गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा है। आरोपी के साथियों और मददगारों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
क्या है ओजी ग्रेड या ओशियन ग्रोथ गांजा?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ओजी ग्रेड गांजा हाइड्रोपोनिक तकनीक से तैयार होता है, जिसमें मिट्टी का इस्तेमाल नहीं किया जाता। इसे पानी में पोषक तत्वों के साथ उगाया जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए प्रति किलो तक बताई जा रही है। जिससे तस्करों का नेटवर्क बेहद मुनाफे वाला माना जा रहा है।
रायपुर में पहली बार पकड़ाया ओजी गांजा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रायपुर में ओजी गांजा पहली बार पकड़ाया है। इससे पहले ओजी गांजा की जब्ती छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हुई थी। प्रदेश में ओजी गांजा सप्लाई करने वाले तस्करों पर यह दूसरी कार्रवाई है।
कुरियर से सप्लाई करते हैं गांजा- पुलिस
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल ने कहा कि, आरोपी रितिक पसरिचा को गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के दिल्ली में रहने वाले साथी गांजा कुरियर से सप्लाई करते हैं। उसके बाकी साथियों की तलाश की जा रही है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।