राजनांदगांव पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट के एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesराजनांदगांव पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट के एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। बसंतपुर थाना पुलिस ने हाईटेक ऑनलाइन सट्टा मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मूलचंद प्रजापति को पकड़ा, जिसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

यह मामला 6 अप्रैल का है, जब पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर साइबर सेल और बसंतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मोहारा नाला के पास एक बड़े सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया था। उस समय वीरू प्रजापति, रूपेश पांडे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन और लक्की देवांगन सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल और नकदी सहित कुल 5,50,500 रुपये का सामान जब्त किया था।

पुलिस को मुखबिर से मिली थी जानकारी

शुरूआती छापेमारी के दौरान दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर फरार आरोपी मूलचंद प्रजापति (26), निवासी मोहारा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।

अन्य फरार आरोपी की तलाश में है पुलिस

पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी सादिक खान, जो नागपुर, महाराष्ट्र का निवासी है, अभी भी फरार है। पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

इस गिरफ्तारी में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक देवादास भारती, आरक्षक आशीष मानिकपुरी, कुश बघेल, रूपेन्द्र वर्मा और राजेश बंदेश्वर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।