बिलासपुर में पुलिस ने गांजे के साथ 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में पुलिस ने गांजे के साथ 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों सगी बहन हैं, जो अपना बदलकर अलग-अलग इलाकों में गांजा बेचने का काम कर रही थीं। उनके पास से 5.98 लाख कैश, 6 किलो गांजा, स्कूटी और कार बरामद किया गया है। एसीसीयू की टीम ने सरकंडा पुलिस के साथ यह कार्रवाई की है।

दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, मोपका के पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर इलाके में दो महिलाएं गांजा बेचने का काम करती हैं। जिस पर टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। एससीसीयू की टीम ने सरकंडा पुलिस के साथ संयुक्त रूप से रेड कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।

छापेमारी के दौरान दोनों महिलाएं कार और स्कूटी में गांजा रखकर बिक्री करते हुए पकड़ी गईं। तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके कब्जे से 6 किलो गांजा, 5 लाख 98 हजार रुपए कैश, कार और 2 स्कूटी के साथ 2 मोबाइल और 2 घड़ी बरामद किए। जब्त सामान की कुल कीमत 15 लाख 78 हजार रुपए बताई जा रही है।

नाम बदलकर चला रही थीं धंधा

एसीसीयू प्रभारी और सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि, गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30) और सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40) के रूप में हुई है। दोनों मस्तूरी क्षेत्र के जयराम नगर की रहने वाली हैं। अभी सरकंडा क्षेत्र में रह रही थीं।

पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि दोनों सगी बहन हैं और अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग नामों का इस्तेमाल करती थीं। कार को किसी दूसरे की है, जिसे उन्होंने लिया था।

पहले भी हो चुकी है एनडीपीएस की कार्रवाई

पुलिस की पूछताछ में यह भी पता चला कि, आरोपी बहनों ने गांजा बिक्री से कमाए पैसों से स्कूटी खरीदी थी, जिसका इस्तेमाल वे सप्लाई के लिए करती थीं। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, अब उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Exit mobile version