छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 5 साल की बच्ची से रेप और हत्या की कोशिश मामले में रविवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। उतई थाने के सामने मिनी माता चौक पर प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय बिगड़ गए, जब कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश की।
इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर खींचतान हुई। पुतला जलाने के दौरान एक आरक्षक आग की चपेट में आकर झुलस गया। जिसका लाइव वीडियो भी सामने आया है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कांग्रेसियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
दरअसल, कांग्रेस कार्यकर्ता अपने साथ गृहमंत्री के 3 पुतले लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने पहले ही दो पुतलों को छीनकर नष्ट कर दिया था, जिससे पुतला दहन न हो सके। हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले से ही योजना बनाकर एक और पुतला अलग गाड़ी में छिपाकर रखा था।
जैसे ही मौका मिला, कार्यकर्ताओं ने अचानक उस पुतले पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जिससे गृहमंत्री का पुतला जलकर नाली में गिर गया। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने पुतला के ऊपर पानी और रेत डालकर आग बुझाया। वहीं इस मामले में छग महार समाज की ओर से आरोपी के घर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर पुलिस के पास आवेदन दिया गया है।
10 प्रतिशत झुलसा आरक्षक, सिविल ड्रेस में था
कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुतले को जलने से रोकने की कोशिश कर रहे आरक्षक गिरधर मंडावी आग की चपेट में आ गया। इस प्रदर्शन में वो सिविल में थे। पुतला जलने से रोकने के दौरान उनके कपड़ों में आग लग गई। उन्होंने तुरंत अपनी शर्ट उतारी, लेकिन तब तक उनके हाथ में आग लग चुकी थी।
उनका हाथ करीब 10 प्रतिशत तक झुलस गया है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत आग बुझाकर उन्हें बचाया। घायल आरक्षक को पहले उतई के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया।
फिलहाल उनका सेक्टर-9 अस्पताल के बर्न यूनिट में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना में एक अन्य पुलिसकर्मी को भी हल्की चोटें आई हैं और उसके कपड़े भी फट गए।