छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बटर फ्लाई गार्डन-रेस्टोरेंट की जांच के दौरान पुलिस को वहां हुक्का पिलाए जाने की जानकारी मिली

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बटर फ्लाई गार्डन-रेस्टोरेंट की जांच के दौरान पुलिस को वहां हुक्का पिलाए जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए मैनेजर पर केस दर्ज किया।

इसके अलावा जिले में कोटपा एक्ट के तहत अलग-अलग थानों में 80 मामले दर्ज किए गए और हजारों रुपए का जुर्माना वसूला गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार को पुलिस की टीम ने संबलपुरी रोड स्थित बटर फ्लाई गार्डन-रेस्टोरेंट में छापा मारा। मौके पर रेस्टोरेंट मैनेजर चंदन कुमार पत्रो (39) लोगों को बिना अनुमति सिगरेट और तंबाकू उत्पाद के साथ हुक्का पिलाते हुए पाया गया।

पुलिस ने जब वैध दस्तावेज मांगे तो मैनेजर कोई भी कागज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने मौके से 2 हुक्का पॉट, 2 सेंटर बेस, 4 पैकेट फ्लेवर तंबाकू और 1 पाइप जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 8,000 रुपए है।

जिले भर में चला जांच अभियान

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। पुलिस ने बस स्टैंड, बाजार, सरकारी कार्यालय, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक जगहों पर सघन जांच की।

इस दौरान पान दुकानों पर तंबाकू उत्पादों की पैकेजिंग और स्वास्थ्य चेतावनी नियमों का पालन नहीं करने पर दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।

इन थाना क्षेत्रों में इतनी हुई कार्रवाई

जांच अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 80 मामले दर्ज किए। सबसे ज्यादा कार्रवाई तमनार क्षेत्र में हुई, जहां 27 मामलों में 5,400 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

धरमजयगढ़ में 17 मामलों में 3,400 रुपए, लैलूंगा में 16 मामलों में 3,200 रुपए, छाल में 11 मामलों में 2,200 रुपए, कापू थाना क्षेत्र में 7 मामलों में 1,400 रुपए और कोतरारोड क्षेत्र में 2 मामलों में 600 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस तरह कुल 80 मामलों में मिलाकर 16,200 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

कार्रवाई लगातार जारी रहेगी

SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत कोटपा एक्ट के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। सार्वजनिक जगहों पर धूम्रपान करने और अवैध रूप से तंबाकू उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।