दुर्ग जिले में रविवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठी गायों को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही तीन गायों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई।
इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना उतई थाना क्षेत्र के आदर्श नगर बावापारा की है।जानकारी के मुताबिक यह घटना रात करीब 9:30 बजे की है। पउवारा से उतई की ओर जा रहे ट्रक ड्राइवर (क्रमांक CG08L2489) ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे बैठी गायों को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गायों के पैर और कमर में गंभीर चोट आई है। इस मामले में आदर्श नगर उतई निवासी कामता महिपाल (40 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है
ट्रक में लोड थी लकड़ी, हादसे के बाद चक्का जाम
घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे बाद में पकड़ लिया। ट्रक में लकड़ी लोड थी, जिसे जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
तेज रफ्तार वाहनों को बैन करने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी तेज रफ्तार वाहनों ने कई गायों को कुचला है, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मांग की है कि इस सड़क पर भारी वाहनों के आने पर रोक लगाई जाए।
सूचना मिलने पर पाटन एसडीओपी अनुप लकड़ा और उतई थाना प्रभारी महेश ध्रुव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और करीब रात 11:30 बजे सड़क को खाली कराया गया।