
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी संतोष साहू ने 12 अप्रैल 2026 को अमलेश्वर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा कृष्णा साहू अपने ममेरा भाई सूरज साहू के साथ तिरंगा चौक अमलेश्वर मोटरसाइकिल बनवाने गया था। इसी दौरान एक ग्रे रंग की सेंट्रो कार वहां पहुंची। कार में बैठे एक व्यक्ति ने कृष्णा से बात की और उसे अपने साथ बैठाकर ले गया।
कॉल कर मांगी 1 करोड़ रुपए की फिरौती करीब 45 मिनट बाद संतोष साहू के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि उनके बेटे का अपहरण हो गया है और उसे छोड़ने के बदले 1 करोड़ रुपए देने होंगे। नहीं देने पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद दोबारा कॉल आया, जिसमें खुद कृष्णा ने रोते हुए अपने पिता से उसे बचाने की गुहार लगाई। इसी बीच सूरज साहू घर पहुंचा और उसने बताया कि कृष्णा को एक कार में बैठाकर ले जाया गया है। मामला गंभीर होने पर पुलिस ने तुरंत अपहरण का केस दर्ज किया और जांच शुरू की।
धमतरी पुलिस की मदद से पकड़ाया आरोपी वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अलग-अलग टीमें बनाई गईं। साइबर सेल की मदद से जिस मोबाइल नंबर से कॉल आया था, उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। लोकेशन धमतरी जिले के भखारा क्षेत्र में मिली। इसके बाद दुर्ग पुलिस ने धमतरी पुलिस से संपर्क किया।
रास्ते में जेसेबी से अड़ाकर रोकी गाड़ी धमतरी पुलिस ने अर्जुनी थाना क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध ग्रे सेंट्रो कार को रोका गया। रास्ते को ब्लॉक करने के लिए जेसीबी की मदद ली गई और सड़क को ब्लॉक कर गाड़ी को रुकवाया। कार में सवार लोगों से पूछताछ करने पर मामला संदिग्ध लगा। जांच में कार से अपहृत बालक कृष्णा साहू को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। साथ ही मौके से तीन आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। इसके बाद अमलेश्वर थाना और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने पूरे मामले का खुलासा किया।
सगे भांजे ने रची थी पूरी साजिश जांच में सामने आया कि इस पूरे अपहरण की साजिश संजय साहू ने रची थी, जो पीड़ित परिवार का रिश्तेदार है। उसे पता था कि संतोष साहू के पास अच्छा पैसा है। इसलिए उसने उनके बेटे का अपहरण कर फिरौती मांगने की योजना बनाई। योजना के तहत एक महिला आरोपी हेमपुष्पा साहू को शामिल किया गया। उसने पहले लड़के से बातचीत शुरू की और 4-5 दिनों तक मीठी-मीठी बातें कर उसे अपने जाल में फंसा लिया। फिर उसे घूमने के बहाने बुलाया गया और कार भेजी गई। जैसे ही कृष्णा कार में बैठा, उसे पहले से तय जगह पर ले जाया गया जहां अन्य आरोपी मौजूद थे। वहां से उसे लेकर धमतरी की ओर निकल गए और रास्ते में उसके पिता को फोन कर फिरौती मांगते रहे।
अपराधियों में भाई बहन शामिल पुलिस ने इस मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो भाई के साथ एक भाई और बहन भी शामिल हैं। इनमें शैलेन्द्र लहरे, रविन्द्र लहरे उर्फ नानू,कृष्णा साहू उर्फ करन, संजय साहू और हेमपुष्पा साहू शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से एक ग्रे रंग की सेंट्रो कार और 6 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं उन्होंने पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम तो नहीं दिया है