छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक का शराब के नशे में स्कूल पहुंचा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक का शराब के नशे में स्कूल पहुंचा। जिससे बातचीत करते हुए किसी ने वीडियो बना लिया। अब बच्चों के परिजनों की शिकायत के बाद शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। घटना लैलूंगा विकासखंड के छातासराई प्राथमिक शाला की है।

जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला छातासराई में पदस्थ सहायक शिक्षक कुष्टोराम भोय शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया। ग्रामीणों और पालकों का आरोप है कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल आता था, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।

इस मामले की जानकारी मिलने पर पालक और शाला प्रबंधन समिति के सदस्य सक्रिय हुए। उन्होंने संकुल समन्वयक को पंचनामा सौंपते हुए शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं होती तो वे आंदोलन करेंगे।

शिक्षक ने कबूला- थोड़ी सी पी रखी थी शराब

ग्रामीणों ने शिक्षक का वीडियो भी बनाया। पूछताछ में शिक्षक ने शराब पीने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि, घर में मेहमान आने के कारण उसने शराब पी थी और उसी हालत में स्कूल पहुंच गया। इस हाल में स्कूल आने पर बच्चों को पढ़ने के लिए किताब निकाल कर दे देने की बात कही।

जांच के बाद किया गया निलंबित

इस मामले में लैलूंगा विकासखंड के बीईओ रवि सारथी ने बताया कि, शिक्षक के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सोमवार को मिली शिकायत के बाद रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई, जिसके आधार पर शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

Exit mobile version