दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र स्थित खाड़ा गांव में दोस्तों के बीच हुए विवाद में 43 साल के शंभू निषाद की मौत

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र स्थित खाड़ा गांव में दोस्तों के बीच हुए विवाद में 43 साल के शंभू निषाद की मौत हो गई। घटना 12 अप्रैल की रात की है, जब शंभू अपने दोस्तों से मिलने गया था। इस मामले में पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक शंभू निषाद अहमदाबाद (गुजरात) में वेल्डिंग का काम करता था। करीब 15 दिन पहले ही वह परिवार से मिलने गांव आया था। परिवार में पत्नी और 2 बेटियां और 1 बेटा है। 12 अप्रैल की रात करीब 10 बजे शंभू अपने मित्र संतोष यादव और रोहित यादव के घर पहुंचा।

तीनों के बीच शराब के नशे में बातचीत शुरू हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई। विवाद की वजह गांव की आबादी जमीन बताई जा रही है। शंभू ने इस मामले में सरपंच से बात करने की बात कही। इस पर आरोपियों ने उसे खुद ही सरपंच से बात करने को कहा। बात बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गई और आरोपियों ने शंभू की पिटाई कर दी।

घर लाने के बाद बिगड़ी हालत

मारपीट के बाद आरोपियों ने ही शंभू के परिवार को सूचना दी। परिजन रात करीब 11:30 बजे उसे घर ले आए। परिवार के अनुसार उसे अंदरूनी चोटें आई थीं। वह घर पहुंचकर सो गया, मगर अगली सुबह नहीं उठा।

शंभू की हालत गंभीर देख परिजन उसे दोपहर करीब 12 बजे दुर्ग जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, दो आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी संतोष यादव को कोनारी गांव के पास उसके कार्यस्थल से गिरफ्तार किया। दूसरे आरोपी रोहित यादव को उतई क्षेत्र से पकड़ा गया।

जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण सामने आएंगे। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version