
लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप वाहन (क्रमांक JH-01-FP-3193) में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर जशपुर से लोदाम होते हुए झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और पतराटोली क्षेत्र में घेराबंदी की। संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेजी से भागने लगा।
पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। पीछा किए जाने पर आरोपी चालक ने नेशनल हाईवे-43 पर भलमंडा तिराहा के पास पिकअप छोड़कर जंगल में फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो उसमें 9 गौवंशों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा हुआ पाया। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया और वाहन को जब्त कर लिया।
सर्च ऑपरेशन चला कर आरोपी को पकड़ा
जांच के दौरान आरोपी की पहचान साईं टांगर टोली, लोदाम निवासी इमरान खान (28) के रूप में हुई। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।आरोपी इमरान खान आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ कई थानों में पहले से ही कई मामले दर्ज हैं।
इसके बाद उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत मामला दर्ज कर 15 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
31 मार्च से 11 अप्रैल के बीच जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार ऑपरेशन चलाकर बड़ी संख्या में गौवंशों को बचाया गया।
- 31 मार्च: बगीचा क्षेत्र में 10 गौवंश मुक्त, 2 आरोपी गिरफ्तार
- 31 मार्च: नारायणपुर क्षेत्र में 05 गौवंश बरामद, आरोपी फरार
- 01 अप्रैल: सोन क्यारी में 12 गौवंश मुक्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
- 03 अप्रैल: दोकड़ा क्षेत्र में 12 गौवंश बरामद, आरोपी फरार
- 10 अप्रैल: आरा क्षेत्र में ट्रक से 21 गौवंश मुक्त, 1 आरोपी गिरफ्तार
- 10 अप्रैल: सोन क्यारी में 10 गौवंश मुक्त, 1 आरोपी गिरफ्तार
- 11 अप्रैल: स्कॉर्पियो वाहन से 04 गौवंश बरामद
इन सभी कार्रवाइयों को मिलाकर पुलिस ने कुल 82 गौवंशों को बचाने में सफलता हासिल की है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट दो टूक कहा कि गौ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार जारी रहेगा।