लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है

Chhattisgarh Crimesलोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे बस्तर संभाग में बोधघाट बहुउद्देशीय परियोजना से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। राहुल गांधी के दौरे की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम जल्द तय किया जाएगा। माओवादियों के खात्मे के बाद इसे राहुल गांधी का पहला बस्तर दौरा बताया जा रहा है। कांग्रेस इस प्रवास के जरिए बोधघाट परियोजना से जुड़े विस्थापन और आदिवासियों के अधिकारों के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी में है। जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर करेगी संवाद

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस बस्तर के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ग्रामीणों के साथ खड़ी है। आदिवासियों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आशंका जताई कि बोधघाट परियोजना से स्थानीय जनजातीय समुदाय की आजीविका और सांस्कृतिक पहचान प्रभावित हो सकती है।

सुखदेव भगत के दौरे के बाद राहुल का कार्यक्रम

बैज के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत हाल ही में बस्तर का दौरा कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर परियोजना को लेकर उनकी चिंताओं को जाना था। अब राहुल गांधी प्रभावित ग्रामीणों और किसानों से सीधे बातचीत करेंगे। हालांकि, उनके दौरे का विस्तृत कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है। बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर पर भी सरकार को घेरा

पत्रकार वार्ता में बैज ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली उत्पादन में सरप्लस होने के बावजूद छत्तीसगढ़ को बाहर से बिजली खरीदनी पड़ रही है। अघोषित बिजली कटौती से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग परेशान हैं।

बैज ने स्मार्ट मीटर योजना को जनविरोधी बताते हुए कहा कि उपभोक्ता अधिक बिल और तेज रीडिंग की शिकायत कर रहे हैं। उनके मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग के समर्थन में सहमति पत्र भरवा रहे हैं। पार्टी ने इस अभियान को जनता का समर्थन मिलने का दावा किया है।

Exit mobile version