सूरजपुर-सरगुजा जिले की सीमा पर ग्राम कोटबहरा में दंतैल हाथी ने युवक को कुचलकर मार डाला

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर-सरगुजा जिले की सीमा पर ग्राम कोटबहरा में दंतैल हाथी ने युवक को कुचलकर मार डाला। युवक काम कर वापस घर लौट रहा था। हमले के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह कल्याणपुर मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मामला सूरजपुर वन परिक्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात ग्राम कोटबहरा निवासी केशव (28) काम कर लौट रहा था। अंधेरा होने के कारण वह रास्ते में खड़े जंगली हाथी को नहीं देख सका और उसके नजदीक पहुंच गया। हाथी को देखकर केशव ने भागने की कोशिश की। हाथी ने उसे दौड़ाकर सूंड से पटक दिया और पैर से कुचल दिया। केशव की मौके पर मौत हो गई।

सूचना पर देर रात वन विभाग के अधिकारियों के साथ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। युवक का शव क्षत विक्षत हालत में मिला। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। गुरुवार की सुबह कोटबहरा के लोग बड़ी संख्या में कल्याणपुर में जुट गए और अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर सड़क पर शव रख चक्काजाम कर दिया।

चक्काजाम की सूचना पर सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल, एसडीओपी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। करीब एक घंटे तक चक्काजाम के कारण दोनों ओर गाड़ियों की लाइन लग गई। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।

Exit mobile version