बिलासपुर जिले में अवैध बोर खनन और रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर जिले में अवैध बोर खनन और रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तुरकाडीह गांव में अवैध बोर मशीन जब्त की गई, वहीं निरतु घाट पर 70 ट्रैक्टर अवैध रेत, एक एक्सीवेटर, तीन हाइवा और तीन ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त किए गए।

तुरकाडीह में अवैध बोर खनन की सूचना पर सकरी तहसीलदार, थाना प्रभारी, हल्का पटवारी और कोनी थाना की संयुक्त टीम ने जांच की। जांच में पाया गया कि बोर खनन के लिए वैध अनुमति नहीं ली गई थी। कलेक्टर के 6 अप्रैल को जारी बोर खनन पर प्रतिबंध के आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर बोर मशीन को जब्त कर कोनी थाना को सौंपा गया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले में गिरते भू-जल स्तर को देखते हुए 6 अप्रैल से बोर खनन पर प्रतिबंध लगाया है। प्रशासन इस प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित करा रहा है और अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रहा है।

एक जेसीबी और एक हाइवा को रंगे हाथों पकड़ा

अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिले में एक और बड़ी कार्रवाई की गई। तखतपुर एसडीएम के मार्गदर्शन में एक संयुक्त टीम ने मौके पर अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन करते हुए एक जेसीबी और एक हाइवा को रंगे हाथों पकड़ा।ये कार्रवाई कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई।

अलग-अलग कार्रवाई में हाइवा और 3 ट्रैक्टर ट्राली जब्त

एक अन्य जानकारी के अनुसार खनिज अमले ने आज बिलासपुर सकरी, गनियारी, तुरकाडीह, कोनी, मस्तूरी, पचपेड़ी, जोंधरा, गोपालपुर, कुकुरदिकला, भिलोनी, मानिकचौरी क्षेत्र की जाँच की गई। इस दौरान सकरी क्षेत्र में खनिज गिट्टी का परिवहन करते 1 हाइवा वाहन को जब्त किया गया।

इसी प्रकार पचपेड़ी क्षेत्र में खनिज ईंट और मिट्टी का अवैध परिवहन करते 1 ट्रैक्टर ट्राली तथा गोपालपुर क्षेत्र से खनिज रेत का परिवहन करते 1 ट्रैक्टर ट्राली जब्त किया गया।

जोंधरा क्षेत्र से खनिज रेत का परिवहन करते 1 ट्रैक्टर ट्राली और मानिकचौरी क्षेत्र से खनिज रेत का परिवहन करते 1 ट्रैक्टर ट्राली को मिलाकर 5 वाहनों को पुलिस थाना सकरी व पचपेड़ी की अभिरक्षा में रखा गया ।

Exit mobile version