
वहीं, भिलाई में भी लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। अलग-अलग संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भिलाई नगर थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए युवती के खिलाफ एक्शन की मांग की। इसके अलावा राजनांदगांव में भी लोगों ने थाने का घेराव किया। हालांकि मामले में पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, भिलाई के वैशाली नगर की रहने वाली अनामिका उपाध्याय ने सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की थी। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी है।
रविवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग भिलाई नगर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई महिलाएं भी थाने के अंदर पहुंच गईं और जमकर नारेबाजी की।
आरोप है कि युवती लगातार सोशल मीडिया पर एक समाज को टारगेट कर वीडियो बना रही है, उसने बाबा साहेब के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया है।
भिलाई में लिखित शिकायत के बाद दर्ज हुई FIR
मूल निवासी संघ के जिला अध्यक्ष जय साहू ने इस मामले में थाना भिलाई नगर में लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल की रात करीब 8:22 बजे उन्होंने इंस्टाग्राम पर “anamika_updhyay” नाम के अकाउंट पर यह आपत्तिजनक पोस्ट देखी।
उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से न सिर्फ उनकी, बल्कि पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि संबंधित अकाउंट पर डाले गए वीडियो और पोस्ट से जातिवादी सोच झलकती है, जो समाज में गलत संदेश देता है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को स्क्रीनशॉट, प्रोफाइल लिंक और वीडियो जैसे सबूत भी दिए हैं।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।