दुर्ग जिले के भिलाई में सेंट्रल ऐवन्यू में कार स्टंट करने वाले 3 कार चालकों का ट्रैफिक पुलिस ने चालान काटा है। 10 दिसंबर की रात स्टंटबाजों ने लाइन से तीन कार से सेंट्रल ऐवन्यू पर रैली निकाली थी।
इस दौरान सभी कारों के गेट खोलकर गाड़ी चलाने और गेट पर बैठकर वीडियो बनाया। बाद में इसे एक छात्र नेता ने सोशल मीडिया पर अपलोड भी किया था। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने 11 दिसंबर को कार्रवाई की।
2 दिन पहले वायरल हुआ था वीडियो
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि 9 दिसंबर को सोशल मीडिया और कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को वीडियो मिला। वीडियो में तीनों वाहन चालक अपनी कार की खिड़कियों से बाहर झुककर तेज रफ्तार में स्टंट करते हुए दिखाई दे रहे थे, जिससे न सिर्फ उनकी जान जोखिम में थी, बल्कि राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
वीडियो सामने आते ही ट्रैफिक पुलिस ने बिना देरी किए जांच शुरू की और करीब 24 घंटे के अंदर तीनों वाहनों को चिन्हांकित कर जब्त कर लिया।
इन वाहनों का कटा चलान
पहला वाहन : CG 07 BU 4370 वाहन स्वामी पियूष दिक्षित के खिलाफ धारा 66/192, 184, 179, 130(3) तथा परमिट उल्लंघन, तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन और दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर कुल 7,800 रुपए का चालान काटा गया।
दूसरा वाहन : CG 07 BU 0775 रुशाद एलेन के वाहन पर भी इसी तरह का उल्लंघन मिला। पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 66/192, 184, 179, 130(3), परमिट उल्लंघन, लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन सहित दस्तावेज न रखने पर 13,800 रुपए का चालान किया।
तीसरा वाहन : CG 04 LW 6629 वाहन स्वामी दिशान अग्रवाल के खिलाफ गंभीर उल्लंघन पाए गए। बिना लाइसेंस वाहन चलाना, बिना नंबर प्लेट, बिना बीमा, लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग और अवैध सायरन का उपयोग। इन सभी के लिए धारा 146/196, 184, 100, 3/181, 190(2)(c) के तहत कुल 10,300 रुपए का चालान काटा गया।
बिना नंबर कार में सायरन बजाकर घूम रहा था
10 दिसंबर को एक अन्य वीडियो की भी शिकायत मिली थी। जिसमें सेंट्रल एवेन्यू रोड पर बिना नंबर प्लेट वाली कार को अवैध रूप से सायरन बजाते हुए देखा गया। यह वाहन न केवल तेज रफ्तार में था बल्कि आम लोगों के लिए खतरा था।
शिकायत मिलते ही ट्रैफिक पुलिस की टीम सक्रिय हुई और मात्र 24 घंटे में वाहन को पकड़कर 11 दिसंबर को यातायात मुख्यालय लाया गया।
लगातार हो रही है कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस इन दिनों सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो को खंगाल कर कार्रवाई कर रही है। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि सड़क पर स्टंट, तेज गति, रॉन्ग-साइड ड्राइविंग, बिना दस्तावेज वाहन संचालन तथा अवैध सायरन/फ्लैशर उपयोग के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
सार्वजनिक मार्ग को स्टंट या वीडियो बनाने का प्लेटफॉर्म बनाने पर आगे भी पुलिस कार्रवाई करेगी।