जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesजशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कांसाबेल थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक से 38 गौवंशों को मुक्त कराया, जिन्हें तस्करी के लिए बेरहमी से ले जाया जा रहा था। हालांकि, इस दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल की सुबह लगभग 04:30 बजे कांसाबेल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि ट्रक क्रमांक JH-02-BM-4221 में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर पत्थलगांव-कांसाबेल मार्ग होते हुए नेशनल हाईवे-43 की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने बेला घाट क्षेत्र में तत्काल नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी स्पीड बढ़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके बाद ड्राइवर ने ग्राम नारायण बहली के पास सड़क किनारे ट्रक छोड़कर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो अंदर 38 गौवंशों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस ने तुरंत सभी गौवंशों को सुरक्षित बाहर निकाला और पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

आरोपी की तलाश में पुलिस

इस मामले में कांसाबेल थाने में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तस्करी में उपयोग ट्रक क्रमांक JH-02-BM-4221 को भी जब्त कर लिया गया है, और उसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

Exit mobile version