
रायपुर में शनिवार की शाम को बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से महासमुंद जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे में 12 लोग घायल हो गए। घटना मंदिर हसौद थाना के सामने की बताई जा रही है।मंदिर हसौद निरीक्षक आशीष यादव से मिली जानकारी के अनुसार बस क्रमांक CG 06 GK 6591 रायपुर से महासमुंद की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक ड्राइवर का नियंत्रण बस से हट गया। बस पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों और थाना में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बस के अंदर बैठे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। सड़क में बस पलटने की वजह से रायपुर-महासमुंद रोड में ट्रैफिक जाम हो गया था।
पुलिसकर्मियों ने बस को क्रेन से किनारे करवाया और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से सही कराया। हादसे में घायल लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया और पुलिस अधिकारी उनके बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।