बलौदाबाजार जिले में इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर हुए विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार जिले में इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर हुए विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। नौ आरोपियों ने एक 19 वर्षीय युवक पर पेट्रोल डालकर उसे जलाने का प्रयास किया। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट भी की।

सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के 12 घंटे के भीतर सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर की गई।

खोरसीनाला बुलाकर किया हमला

प्रार्थी भीमबली साहू (19) निवासी ग्राम भरूवाडीह, थाना पलारी ने 23 अप्रैल को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 21 अप्रैल दोपहर 2 बजे उसे खोरसीनाला बुलाया गया था।

वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उसे घेर लिया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद क्रिकेट बैट, स्टिक और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की गई।

पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश

मारपीट के बाद आरोपियों ने एक मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालकर भीमबली के ऊपर डाल दिया। इसके बाद माचिस जलाकर उसे आग लगाने की कोशिश की गई। इसी दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे देखकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

इंस्टाग्राम स्टेटस से शुरू हुआ विवाद

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 21 अप्रैल को भीमबली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से आरोपी राहुल भारती और अन्य लोगों के खिलाफ धमकी भरा स्टेटस पोस्ट किया था। इसी बात से नाराज होकर राहुल भारती और उसके साथियों ने उसे सबक सिखाने की योजना बनाई। इसके तहत उसे खोरसीनाला बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में राहुल भारती (23), हरीश कुमार साहू उर्फ मानु (21), विकास भारती उर्फ झोल्टू/राकी (22), चंद्र प्रकाश डोंगरे उर्फ मिर्ची (25), अमन भारती (22), राहुल यादव उर्फ जैकर (28), दुर्गेश दास मानिकपुरी (19), साहिल भारती उर्फ सदल्लू (18) और एक नाबालिग शामिल है।

पुलिस ने क्या कहा

थाना सिटी कोतवाली प्रभारी लकेश केवंट ने बताया कि आरोपियों ने इस वारदात में एक नाबालिग का भी इस्तेमाल किया था। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Exit mobile version