कोंडागांव के केशकाल में पुलिस को बड़ी सफलता मिली

Chhattisgarh Crimesकोंडागांव के केशकाल में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान और ऑपरेशन तलाश के तहत पुलिस ने तीन लापता नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित ढूंढ लिया है। बाद में उन्हें उनके परिवार वालों को सौंप दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, लड़कियों के परिजनों ने थाने पहुंचकर बताया था कि उनकी बेटियां बिना बताए घर से चली गई हैं। इसके बाद पुलिस ने 8 मार्च, 4 अप्रैल और 20 अप्रैल 2026 को गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने अपहरण की आशंका में मामला दर्ज कर तलाश तेज कर दी।

पुलिस अधीक्षक आकाश श्री श्रीमाल के निर्देश पर थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीमें बनाई गईं। इन टीमों को अलग-अलग राज्यों में भेजा गया। तकनीकी मदद और लगातार खोजबीन के बाद पुलिस को सफलता मिली।

कहां-कहां मिलीं लड़कियां

  • पहली लड़की बालोद जिले के पुरूर बस स्टैंड से मिली। वह अपनी सहेली के साथ घर से चली गई थी।
  • दूसरी लड़की महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के ग्राम घिवारी से मिली। वह काम करने वहां चली गई थी।
  • तीसरी लड़की तेलंगाना के हैदराबाद में अन्नाराम एयरफोर्स अकादमी के पास से मिली। वह एक परिचित युवक के साथ गई थी।

बरामद बालिकाओं से पूछताछ और माननीय न्यायालय में उनके बयान दर्ज कराने पर उन्होंने बताया कि उनके साथ किसी प्रकार की आपराधिक घटना नहीं हुई थी।

परिवार ने पुलिस का जताया आभार

तीनों लड़कियों को सुरक्षित वापस पाकर परिवार वालों ने राहत की सांस ली और पुलिस का धन्यवाद किया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रेमनाथ बघेल, एएसआई अनिता मेश्राम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, विनय बघेल, महिला प्रधान आरक्षक विमला मंडावी, माधुरी रावटे, महिला आरक्षक अहिल्या सहित अन्य पुलिसकर्मियों का अहम योगदान रहा।

Exit mobile version