
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग भारतमाला सड़क से गुजर रहे थे, तभी तीन से पांच बदमाशों ने अचानक कार पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। एक बड़ा पत्थर कार के शीशे से टकराकर अंदर बैठी युवती की आंख में जा लगा, जिससे उसे गंभीर चोट आई।
घायल युवती को तुरंत कोरबा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां शुरूआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि आंख में गंभीर चोट के कारण कॉर्निया क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
ड्राइवर की सूझबूझ से टली बड़ी वारदात
हमले के दौरान कार चालक ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए वाहन नहीं रोका और सीधे मौके से निकल गया। इससे कार में सवार अन्य लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और संभावित लूट की बड़ी वारदात टल गई।
परिवार के साथ सफर कर रही थी युवती
घायल युवती की पहचान मेघा सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि कार में उनके पति सुरजीत सिंह, सास विमला सिंह और बेटी निष्ठा सिंह भी सवार थे। घटना के बाद परिवार सीधे अस्पताल पहुंचा, जहां मेघा सिंह का इलाज शुरू किया गया।
पुलिस ने बढ़ाई गश्त
बताया जा रहा है कि घायल युवती, कोरबा सीएसपी के रीडर की रिश्तेदार हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने उरगा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
बयान के आधार पर होगी कार्रवाई
इस मामले में निजी अस्पताल प्रबंधन ने सीएसईबी चौकी पुलिस को मेमो सौंपा है। पुलिस अब पीड़ित पक्ष का बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
दहशत में लोग
घटना के बाद भारतमाला मार्ग से गुजरने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।