बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक लैब असिस्टेंट की मौत

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर जिले के वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक लैब असिस्टेंट की मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य टीचर गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा बसंतपुर थाना क्षेत्र में हुआ।

जानकारी के अनुसार, करमडीहा स्कूल की लैब असिस्टेंट रामकली मिंज और शिक्षिका रजनी केवट स्कूटी से अपने विद्यालय जा रही थीं। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामकली मिंज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

शिक्षिका रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाड्रफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

मृतक रामकली मिंज और घायल रजनी केवट दोनों करमडीहा स्कूल में कार्यरत थीं। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल स्टाफ और परिजनों में दुख का माहौल है।

हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर फरार

हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर बसंतपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है।

इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।

Exit mobile version