
ये पूरा विवाद प्रियांशु सिंह, कौस्तुभ मणि पांडेय, अंशुमान सिंह और तोफान चंद्रनायक के बीच हुआ है। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर धार्मिक, सामाजिक, जातिवाद को लेकर अभद्र टिप्पणी भेजी जाती थी। जब चैट के स्क्रीनशॉट वायरल हुए तो कैंपस में हंगामा हो गया। यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने थाने में लिखित शिकायत कर चारों स्टूडेंट्स पर FIR करने की मांग की है।
यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने थाने में शिकायत दी
यूनिवर्सिटी के केंद्रीय सुरक्षा अनुभाग ने थाने में शिकायत दी है, जिसके मुताबिक लॉ डिपार्टमेंट के कुछ छात्रों ने इंस्टाग्राम पर भगवान राम, डॉ. भीमराव अंबेडकर और अन्य महापुरुषों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, उन्हें अपशब्द कहें। इससे कैंपस में कुछ अन्य स्टूडेंट्स की धार्मिक भावनाएं आहत हुई है।
चैट्स सामने आने पर विवाद
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार (24 अप्रैल) की रात विवादित चैट्स वायरल हुआ। इस पर आक्रोशित छात्र स्वामी विवेकानंद हॉस्टल के सामने एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।
कैंपस में हंगामा, मारपीट हुई
घटना के दौरान यूनिवर्सिटी के सुरक्षा कर्मी और अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हालात बिगड़ चुके थे। स्टूडेंट्स के बीच मारपीट हो गई। इससे जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ छात्र मारपीट करते नजर आ रहे हैं, वहीं एक युवक सुरक्षा गार्ड से हस्तक्षेप की गुहार लगाते दिखा।
बजरंग दल का घेराव
लगातार हो रही घटनाओं जैसे पहले नमाज और होली विवाद के बाद कैंपस की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले को लेकर शनिवार (25 अप्रैल) को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी का घेराव कर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने दोषी छात्रों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है और धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है।