
मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 26 साल युवती ने बुधवार को थाने में बताया कि ग्राम सराईडीपा का रहने वाला पृथ्वीराज चौहान से उसकी करीब ढाई साल पहले जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसी दौरान युवक ने शादी का वादा करके पहली बार युवती से शारीरिक संबंध बनाए।
इसके बाद भी वह शादी का भरोसा देकर करीब डेढ़ साल तक युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। इस बीच युवती गर्भवती हो गई। जब उसने युवक को इसकी जानकारी देकर शादी करने की बात कही, तो वह टालमटोल करने लगा और बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया।
इसके बाद युवती को पूरी बात समझ आ गई और उसने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों की सलाह पर उसने तमनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
तमनार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी के घर दबिश देकर पृथ्वीराज चौहान को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं से जुड़े अपराध बहुत गंभीर होते हैं। उन्होंने कहा कि जो भी लोग महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने यह भी अपील की कि पीड़ित महिलाएं बिना डर के पुलिस से संपर्क करें। हर शिकायत पर तुरंत और संवेदनशील तरीके से कार्रवाई की जाएगी। तमनार में दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।