बिलासपुर के चकरभाठा पुलिस ने नयापारा चौक से आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर के चकरभाठा पुलिस ने नयापारा चौक से आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कूटी पर बैठकर सरेआम सट्टा खिला रहा था। इस मामले में दो अन्य आरोपी फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस ने शुक्रवार को नयापारा चौक पर छापा मारा। इस दौरान दिनेश पंजवानी उर्फ दिन्हे अपनी एक्टीवा स्कूटी (क्रमांक MH 36 T 6207) पर बैठा मिला। वह अपने रेडमी मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था।

दिनेश ‘क्रोमा गेट आईडी’ ऐप के जरिए लोगों से पैसे लेकर आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा था। सट्टे की रकम अज्जू भक्तानी और उसके एक अन्य साथी द्वारा ऑनलाइन ऊपर भेजी जाती थी। वे ही ऑनलाइन ग्राहकों को भी जोड़ते थे।

पूछताछ में आरोपी ने सट्टा संचालन की बात स्वीकार की

पूछताछ में आरोपी दिनेश पंजवानी ने स्वीकार किया कि वह अज्जू भक्तानी से 20 हजार रुपए लेकर उसके और एक अन्य साथी के लिए सट्टा खिला रहा था। यह संगठित गिरोह RCB और GT के बीच होने वाले क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपी दिनेश पंजवानी के पास से आईपीएल क्रिकेट मैच में इस्तेमाल रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया। गवाहों के सामने मोबाइल का स्क्रीनशॉट भी लिया गया। घटना में इस्तेमाल की गई एक्टीवा स्कूटी (क्रमांक MH 36 T 6207) को भी जब्त कर लिया गया है।

चकरभाठा पुलिस ने दिनेश पंजवानी (33), निवासी वार्ड क्रमांक 8, चकरभाठा को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी अज्जू भक्तानी और उसके एक अन्य साथी की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ धारा 07(1) छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट और 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर दिनेश पंजवानी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version