
जानकारी के मुताबिक प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे की टीम सोमवार शाम गांजा पकड़ने के लिए सत्तीपारा पहुंची थी। टीम गांजा बेचने वाले गोपाल नामदेव की तलाश में छापा मार रही थी। पुलिस कार्रवाई के दौरान गोपाल नामदेव का जीजा मुकेश नामदेव छत से सड़क पर कूदा। सड़क में पुलिस की बोलेरो खड़ी थी, जिसमें चाबी लगी हुई थी। पुलिस टीम का कोई सदस्य गाड़ी के पास नहीं था।
बोलेरो स्टार्ट कर ले भागा बदमाश
मुकेश नामदेव पुलिस की बोलेरो में सवार हुआ और गाड़ी स्टार्ट कर ले भागा। बोलेरो वाहन में ही प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे का मोबाइल छूटा हुआ था। पुलिस ने तत्काल निशांत कुर्रे का मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया।मोबाइल का लोकेशन राम मंदिर के पास मिलने पर पुलिस टीम राम मंदिर रोड पहुंची, जहां बोलेरो वाहन खड़ी मिली।
मौके से करीब 1km दूरी मिली गाडी
पुलिस ने आसपास तलाश की और शातिर बदमाश मुकेश नामदेव को हिरासत में लिया। उसके पास से बोलेरो की चाबी जब्त की गई। पुलिस ने मुकेश को हिरासत में लिया और उसे लेकर कोतवाली थाने पहुंची। पुलिस जीप मौके से करीब एक किलोमीटर दूर मिल जाने पर पुलिस ने राहत की सांस ली है।
सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।