
घटना उरगा थाना क्षेत्र की है। प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि कोरबा के बुधवारी में रहने वाले सोनी परिवार चांपा में चौथिया समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के बाद सभी सदस्य रात करीब 2 बजे कार से लौट रहे थे। इस दौरान फरसवनी टोल नाका के आगे उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई।तेज रफ्तार कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई, जिसके बाद वह पलट गई और फिर चलती ट्रक के पीछे जा घुसी। इस हादसे में मोंगरा सोनी (45), देवेंद्र सोनी (22) और ढाई साल के प्रियांश की मौत पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कार आगे से बुरी तरह डैमेज हो गई है।जबकि हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बिलासपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मोंगरा सोनी और प्रियांश के शवों को बीडीएम अस्पताल चांपा में रखा गया है। वहीं देवेंद्र सोनी की लाश जिला अस्पताल जांजगीर में है। जो कि रिश्ते में मां-बेटा और नाती हैं।
वार्ड पार्षद सुभाष राठौर बताया कि दो दिन पहले जितेंद्र सोनी की बेटी की शादी थी, जिसमें बीरेंद्र सोनी का परिवार चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इस घटना के बाद बस्ती में मातम छा गया है। मृतक परिवार का टेंट हाउस का व्यवसाय है।
इधर पुलिस का कहना है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।