
युवा कांग्रेस और वार्डवासियों का आरोप है कि निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ रहा है। तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा, जिससे भविष्य में बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा सकता है।
वार्ड निवासी प्रवीण साहू ने बताया कि उनके घर के सामने ही भवन बन रहा है। उन्होंने कई बार अधिकारियों को फोन कर काम में गड़बड़ी की शिकायत दी थी। उनके मुताबिक, शासन के निर्देशानुसार फ्लाई ऐश ब्रिक्स लगनी चाहिए थी, लेकिन कॉलम में लाल ईंटों का उपयोग किया गया।
टेढ़े-मेढ़े कॉलम, बाहर दिख रहा सरिया
प्रवीण साहू ने आरोप लगाया कि भवन का निर्माण अतिक्रमित जमीन पर किया जा रहा है। कॉलम आड़े-तिरछे बनाए गए हैं और ढलाई के बाद सब-लाइनिंग भी नहीं हुई, जिससे सरिया बाहर दिखाई दे रहा है। उनका कहना है कि ढलाई के बाद ठेकेदार और इंजीनियर मौके पर लौटकर नहीं आए।
ठेकेदार पर गंभीर आरोप
साहू ने दावा किया कि जब ठेकेदार से काम की गुणवत्ता पर सवाल किया गया, तो उसने कथित तौर पर कहा कि काम मुश्किल से मिलता है और 17 प्रतिशत पैसा निगम में देना पड़ता है, इसलिए काम भी उसी हिसाब से होगा। विरोध करने पर नुकसान की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
यूथ कांग्रेस बोली- बड़ा हादसा हो सकता है
यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष गीत राम सिन्हा ने कहा कि वे पिछले कई दिनों से निगम प्रशासन को इस मामले से अवगत करा रहे हैं। अगर इसी तरह घटिया निर्माण होता रहा, तो आने वाली पीढ़ी के लिए बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
आयुक्त ने जांच का दिया भरोसा
नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि वार्डवासियों का आवेदन प्राप्त हुआ है। बुधवार सुबह निगम टीम और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को मौके पर भेजा जाएगा। यदि निर्माण गुणवत्ताहीन पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
3 दिन में कार्रवाई नहीं तो उग्र आंदोलन
युवा कांग्रेस और वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर तीन दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।