जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र से एक हत्या का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र से एक हत्या का मामला सामने आया है। प्रेम विवाह के महज दो साल बाद पति ने अपनी पत्नी की की हत्या कर दी। इस घटना के बाद दंपत्ति का एक साल का मासूम बच्चा बेसहारा हो गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बलौदा पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पति महेंद्र कुमार मिरी ने अपनी पत्नी ललिता मिरी की गला दबाकर हत्या की।

बताया जा रहा है कि आरोपी का किसी अन्य महिला से संबंध होने का शक पत्नी को था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होते थे। यही विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने हत्या जैसा कदम उठा लिया।

हत्या छिपाने आरोपी ने सोची-समझी साजिश रची

आरोपी पति ने शव को बाथरूम में ले जाकर बाल्टी में पानी भरकर इमर्शन रॉड के जरिए करंट लगने जैसा दृश्य तैयार किया। इसके बाद उसने पुलिस को भी करंट से मौत होने की झूठी सूचना दी। हत्या को छिपाने के लिए आरोपी ने सोची-समझी साजिश रची।

पुलिस की पूछताछ में सच आया सामने

हालांकि, पुलिस की सतर्कता और गहन जांच के दौरान सच्चाई सामने आ गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। डीएसपी योगिता खापर्डे ने इस मामले की पुष्टि की है।

Exit mobile version