
यात्री प्रकाश साहू (26) निवासी कामना नगर, नागपुर, इतवारी से राजनांदगांव तक यात्रा कर स्टेशन पर उतरे थे। इसी दौरान तेज गर्मी के कारण उन्हें अचानक चक्कर आया और वे प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। गिरने से उनके पैर में चोट भी आई।
मंडल सुरक्षा आयुक्त (नागपुर) दीपचंद आर्य के निर्देशन में आरपीएफ टीम यात्रियों की सुरक्षा में तैनात थी। अयोध्या स्पेशल ट्रेन ड्यूटी में मौजूद निरीक्षक तरूणा साहू और प्रधान आरक्षक राजेन्द्र रायकवार ने युवक को गिरते देखा और तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
डॉक्टर आने तक दिया प्राथमिक उपचार
आरपीएफ स्टाफ ने बिना समय गंवाए रेलवे चिकित्सा विभाग को सूचना दी। डॉक्टर के पहुंचने तक टीम ने मौके पर ही युवक को प्राथमिक उपचार दिया, जिससे उसकी हालत स्थिर हो सकी।
परिजनों ने जताया आभार
यात्री की स्थिति सामान्य होने के बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई। स्टेशन पहुंचे परिजनों ने आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई और मानवीय सेवा भावना के लिए धन्यवाद दिया।
ऑपरेशन सेवा के तहत मदद जारी
रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य और आपात स्थिति में सहायता के लिए ‘ऑपरेशन सेवा’ के तहत लगातार काम किया जा रहा है।