सरगुजा जिले में शनिवार शाम तेज आंधी चलने से उदयपुर, लखनपुर, धौरपुर और दरिमा इलाकों में दर्जनों की संख्या में पेड़ गिर गए और कई जगह बिजली के खंभे भी टूटकर धराशायी हो गए

Chhattisgarh Crimesसरगुजा जिले में शनिवार शाम तेज आंधी चलने से उदयपुर, लखनपुर, धौरपुर और दरिमा इलाकों में दर्जनों की संख्या में पेड़ गिर गए और कई जगह बिजली के खंभे भी टूटकर धराशायी हो गए।

आंधी के कारण जिले के ज्यादातर इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया। अंबिकापुर में भी आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में घंटों तक बिजली गुल रही।

सरगुजा में शनिवार सुबह से बादल छाए हुए थे। दोपहर में कुछ देर तेज धूप निकली, लेकिन बाद में मौसम बदल गया। दोपहर करीब 3:30 बजे के बाद तेज हवाएं चलने लगी। हवाओं की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा रही। उदयपुर, लखनपुर और दरिमा इलाकों में तो 50 किलोमीटर प्रति घंटे से भी तेज हवाएं चलीं और बारिश भी हुई।

पेड़ गिरे, बिजली व्यवस्था हुई प्रभावित

उदयपुर ब्लॉक मुख्यालय में पेड़ गिरने और बिजली के खंभे टूटने से बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। लखनपुर थाने का बोर्ड तेज हवा में उड़कर दूर जा गिरा, हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

नेशनल हाईवे पर पेड़ गिरने से अंबिकापुर–बिलासपुर मार्ग बाधित हो गया। धौरपुर में आधा दर्जन से ज्यादा घरों के छप्पर उड़ गए, जिससे लोगों का सामान भी खराब हो गया। दरिमा इलाके में सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात रुक गया और कई वाहन जाम में फंस गए।

ग्रामीण इलाकों में छाया अंधेरा

उदयपुर में बिजली व्यवस्था सबसे ज्यादा प्रभावित हुई। यहां 20 से ज्यादा बिजली के खंभे टूटने से दर्जनों गांव अंधेरे में डूब गए। विभाग के कार्यपालन अभियंता रोशन नागवंशी ने बताया कि आंधी के तुरंत बाद उनकी टीम मौके पर पहुंच गई थी। टूटे हुए खंभों को हटाकर बिजली ठीक करने का काम जारी है। रविवार तक करीब 80 प्रतिशत इलाकों में बिजली बहाल कर दी जाएगी।

गिरा अधिकतम और न्यूनतम तापमान शनिवार को आंधी के साथ बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी गिरा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक मौसम ऐसे ही रह सकता है।

Exit mobile version