
मेकाहारा में हर दिन औसतन 300-350 मरीज इन दिनों पहुंच रहे हैं। ज्यादातर को ड्राई स्किन, एक्जिमा और सोरायसिस की शिकायत है। डर्मेटोलॉजी डिपार्टमेंट के HOD डॉक्टर मृत्युंजय सिंह ने बताया- ठंड में ये आम है, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया तो खतरा बढ़ सकता है।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों में ठंड बढ़ी है। 7 शहरों में तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है, जिनमें मैनपाट, अंबिकापुर, पेंड्रा और जगदलपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव शामिल हैं। मैनपाट में रात का पारा 4°C से नीचे चला गया और वहां ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गई हैं।
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.3°C, पेंड्रा में 8.6°C और जगदलपुर में 8.2°C, दुर्ग में 8.2 डिग्री और राजनांदगांव में 9.0 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे की बात करें तो सबसे अधिक तापमान 29.5°C राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
दो दिन पहले अंबिकापुर में खुले में सोए एक व्यक्ति की ठंड से मौत भी हो गई थी। मौसम विभाग ने आज भी कई शहरों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है।