भिलाई में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में 60 साल की महिला की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesभिलाई में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में 60 साल की महिला की मौत हो गई। महिला अपने देवर के साथ डोंडीलोहारा से रायपुर पोते से मिलने जा रही थी। इसी दौरान नेहरू नगर गार्डन के सामने नेशनल हाईवे पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिर गई और ट्रेलर के पिछले पहिए की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी हुई है। घटना सुपेला थाना क्षेत्र की है।

महिला की पहचान डौंडीलोहारा के सोरली निवासी हेमिन बाई पटेल (60) के रूप में हुई है। हेमिन बाई अपने देवर प्रहलाद पटेल के साथ एक्टिवा (CG 04 MZ 7689) से रायपुर जा रही थीं। उनके बेटे-बहू के घर 2-3 दिन पहले ही बच्चे का जन्म हुआ था।

वह पहली बार अपने पोते से मिलने रायपुर जा रही थीं। परिवार में बच्चे के जन्म को लेकर खुशी का माहौल था, लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गम में डुबो दिया।

शाम 6.30 बजे हुआ दर्दनाक हादसा

घटना शनिवार शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। प्रहलाद पटेल एक्टिवा चला रहे थे। जैसे ही वे नेहरू नगर गार्डन के सामने पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रेलर ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में हेमिन बाई उछलकर ट्रेलर के पिछले पहिए के नीचे आ गईं। पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी हुई है।

हादसे के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़

हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर सुपेला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल प्रहलाद पटेल से घटना की जानकारी ली।

प्रहलाद पटेल ने पुलिस को बताया कि वह रायपुर में रहते हैं, जबकि उनकी भाभी हेमिन बाई डौंडीलोहारा में रहती थीं। बेटे के घर बच्चे के जन्म के बाद वह उन्हें रायपुर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी हुई है। इसके लिए कुम्हारी टोल प्लाजा समेत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर ली जाएगी। पूरे मामले की जांच सुपेला थाना पुलिस कर रही है।

Exit mobile version