
दरअसल, मामला महिला थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक बिलासपुर निवासी 27 वर्षीय युवती ने शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि, साल 2017 में उसकी पहचान जूटमिल थाना क्षेत्र के बाजीनपाली फटहामुड़ा निवासी अकबर अली (27) से मोबाइल के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी शादी का भरोसा देने लगा।
रायगढ़ बुलाकर बनाया संबंध, फिर दिल्ली ले गया
पीड़िता के अनुसार, 22 अगस्त 2022 को आरोपी ने उसे रायगढ़ बुलाया। यहां अपने दोस्त के घर ले जाकर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद साल 2023 में आरोपी युवती को बहला-फुसलाकर दिल्ली ले गया।
वहां किराए के मकान में दोनों साथ लिव-इन में रहने लगे। युवती का आरोप है कि, शादी का भरोसा देकर आरोपी लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
फरवरी 2026 में शादी से किया इनकार
पीड़िता ने बताया कि, फरवरी 2026 में आरोपी ने अचानक शादी से इनकार कर दिया और उसे दिल्ली में छोड़कर अकेले रायगढ़ लौट आया। इसके बाद युवती लगातार उससे संपर्क करती रही, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में उसने साफ तौर पर शादी करने से मना कर दिया।
इसके बाद पीड़िता रायगढ़ महिला थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
एट्रोसिटी एक्ट की धारा भी जोड़ी गई
पुलिस ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट की धारा 3(2)(अ) भी जोड़ी है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
महिलाएं बिना डरे पुलिस से शिकायत करें- SSP
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाएं बिना डरे पुलिस से शिकायत करें, हर मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई होगी।