
बताया जा रहा है कि, बड़े भाई की शादी नहीं हुई थी। वो शराब का आदी था। दोनों एक ही घर में एक साथ रहते थे। शराब पीने के बाद आपस में विवाद भी होते रहता था। इसी के चलते वारदात को अंजाम दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अशोक यादव (34) पिता रामनाथ यादव के रूप में हुई है। आरोपी उसका छोटा भाई मनोज यादव (32) है। दोनों भाई मजदूरी का काम करते थे और एक साथ मायानगर रूआबांधा एचएससीएल कॉलोनी में रहते थे।
बताया जा रहा है कि, दोनों भाइयों के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। रविवार 10 मई की शाम करीब 6 बजे भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। उस समय आरोपी छोटा भाई नशे की हालत में था। विवाद बढ़ते-बढ़ते इतना बढ़ गया कि मनोज यादव ने पास में रखा फावड़ा उठाकर बड़े भाई अशोक के सिर पर हमला कर दिया।
पड़ोसियों ने दी पुलिस और एंबुलेंस को सूचना
हमले में अशोक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) रेफर कर दिया। परिजन और मेडिकल टीम उसे रायपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शव फिलहाल मेकाहारा की मर्च्युरी में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
हत्या की धारा जोड़ी गई
इधर, घटना के बाद पुलिस ने पहले आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। लेकिन इलाज के दौरान घायल की मौत होने के बाद अब मामले में हत्या की धारा जोड़कर कार्रवाई की जा रही है।
नशे में भाई की हत्या की, गिरफ्तार
सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी का कहना है कि आरोपी मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। शराब के नशे में यह विवाद और बढ़ गया। जिसके चलते उसकी हत्या कर दी।