छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक पिता ने अपने ही बेटे पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक पिता ने अपने ही बेटे पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है बेटे ने बल्ब के लिए पिता से 100 रुपए मांगे थे जिसे लेकर विवाद हुआ और बात मारपीट तक पहुंच गई। हमले में घायल बेटे का इलाज जारी है।

मामला डौंडी थाना क्षेत्र का है। घटना 22 नवंबर रात साढ़े 8 बजे की है। हमला करने के बाद पिता को लगा कि उसके बेटे की मौत हो गई है। जिसके बाद वह थाने पहुंचकर सरेंडर करने वाला था। हालांकि थाने में मामला पहुंचने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।

अब जानिए पूरा मामला

ग्राम धोबनी (अ) निवासी कोमल दुग्गा (31) ने अपने पिता सुमन दुग्गा (54) से बल्ब के 100 रुपए मांगे। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। बहस बढ़ने पर आरोपी पिता ने घर में रखी टंगिया उठाई और बेटे के गले, गर्दन, हाथ, कलाई, दोनों बांह, सिर और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

जब घायल युवक बेहोश हुआ, तब आरोपी उसे मरा समझकर छोड़ा। बाद में ग्रामीणों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर एम्स रेफर किया गया है। जहां युवक अभी आईसीयू में भर्ती है।

भाई से कहा- लड़के को मार दिया हूं, थाना जा रहा हूं

आरोपी के छोटे भाई गुमान सिंह दुग्गा ने पुलिस को बताया कि जब वह दल्लीराजहरा से काम कर बाइक से वापस आ रहा था, तभी स्कूल के पास उसका बड़ा भाई सुमन मिला। उसने उसे रोककर कहा कि वह थाना जाने रहा है, क्योंकि उसने अपने बेटे को टंगिया से मार दिया है।

खून से लथपथ कमरे में पड़ा था – गुमान सिंह

घायल युवक के चाचा गुमान सिंह ने बताया कि जब वह घर पहुंचे और भतीजे को देखा, तो खून से लथपथ हालत देख उन्हें चक्कर आ गया। भतीजे की गर्दन और हाथ पर गहरे घाव थे, जिसे देखकर वह घबराकर बाहर निकल आए।

गुमान ने बताया कि उनका बड़ा भाई सोमन अपने बेटे कोमल और दो बेटियों के साथ रहता था। भाभी का 20 साल पहले ही निधन हो चुका है।

डौंडी थाना के सहायक उपनिरीक्षक दुर्जन लाल रावटे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं घायल युवक का इलाज रायपुर एम्स में जारी है।

Exit mobile version