बिलासपुर में नेशनल हाईवे पर फर्जी पुलिस बनकर बदमाशों ने ट्रक ड्राइवर के साथ जमकर मारपीट की

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में नेशनल हाईवे पर फर्जी पुलिस बनकर बदमाशों ने ट्रक ड्राइवर के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसे अगवा कर अपने साथ ले गए। वहीं कथित पुलिसकर्मियों ने ट्रक में लोड 9 बोरी तंबाकू और 8 हजार रुपए भी लूट लिए। मामले में पुलिस ने गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की तंबाकू बरामद कर ली है।

मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश के उमरिया का रहने वाला सुरेंद्र जायसवाल ट्रक ड्राइवर है। 9 मई को वह ट्रक (सीजी 04 एमपी 466) में गेहूं और तंबाकू लोड कर शहडोल से बिलासपुर तरफ आ रहा था। सकरी थाना क्षेत्र के हांफा के पास ट्रक खराब होने पर वह एक ढाबे के पास रुक गया।

खुद को पुलिसकर्मी बताकर धमकाया, मारपीट की

सुबह करीब 8 बजे कार (सीजी 10 बीडी 7204) में सवार चार युवक वहां पहुंचे। इस दौरान कार सवार युवक खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए ट्रक की तलाशी शुरू कर दी। इसके बाद ट्रक से 9 बोरी तंबाकू उतार लिए। युवक ड्राइवर के साथ मारपीट करते हुए जबरन अपनी कार में बैठाकर ले गए।

युवकों ने उसे अवैध तस्करी के मामले में जेल भेजने की धमकी दी। डर के कारण ड्राइवर ने मालिक से संपर्क किया। इसके बाद युवकों ने चॉइस सेंटर के जरिए 8 हजार रुपए निकलवाए और ड्राइवर को छोड़ दिया।

बीट सिस्टम से मिले सुराग, 4 गिरफ्तार

आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद ड्राइवर ने मामले की शिकायत सकरी पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई। इस दौरान बीट सिस्टम से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान की।

इसके बाद घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में चकरभाठा क्षेत्र के छतौना निवासी सिद्धार्थ साहू (24), सरगिट्‌टी नयापारा के नारायण साहू (34), कोटा क्षेत्र के मुंडा निवासी इस्माइल खान (31) और आनंद उर्फ विक्रांत साहू (22) शामिल हैं।

ब्रेजा कार और लूटी गई तंबाकू जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की 9 बोरी तंबाकू और वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा कार जब्त की है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version