कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र स्थित झोराघाट में पिकनिक मनाने गए 17 साल के युवक की नदी में डूबने से मौत

Chhattisgarh Crimesकोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र स्थित झोराघाट में पिकनिक मनाने गए 17 साल के युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कटघोरा निवासी अलाउद्दीन के रूप में हुई है। वह अपने मुस्लिम परिवार का इकलौता बेटा था। कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को अलाउद्दीन अपने परिवार के साथ झोराघाट पिकनिक मनाने पहुंचा था। दोपहर में गर्मी से राहत पाने के लिए अलाउद्दीन नदी में नहाने उतरा। उसे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था और वह नहाते-नहाते गहरे पानी में चला गया।

अलाउद्दीन को डूबता देख साथ गए परिजनों और आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत नदी में कूदकर उसे बाहर निकाला और आनन-फानन में कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम

मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि अलाउद्दीन घर का इकलौता बेटा था। परिजनों ने बताया कि उसे तैरना नहीं आता था और वह पहली बार झोराघाट आया था, इसलिए पानी की गहराई से अनजान था।

पहली बार झोराघाट आया था युवक

घटना की सूचना पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से झोराघाट जैसे पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां खतरे के बोर्ड लगाए जाएं और गोताखोर तैनात किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग

झोराघाट एक लोकप्रिय पिकनिक स्थल है, जहां हजारों की संख्या में लोग आते हैं। कटघोरा पुलिस पहले भी यहां हुड़दंग करने वाले और बाइकर्स गिरोह पर कार्रवाई कर चुकी है। रविवार को भीड़ अधिक होने के कारण पुलिस की नजर लगातार बनी रहती है।

Exit mobile version