
वन विभाग को मिली शिकायतों के बाद 16 मई को प्रारंभिक जांच की गई थी। जांच में नंदनवन मिनी जू के संचालन और प्रशासनिक कार्यों में गंभीर लापरवाही सामने आने की बात कही गई। इसके बाद प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय से आदेश जारी कर कार्रवाई की गई।
आदेश पर परिक्षेत्र अधिकारी हिमांचल साहू को तत्काल प्रभाव से शासकीय कार्यों से मुक्त करते हुए कार्य आयोजना वनमंडल रायपुर में अटैच किया गया है।कार्यालयीन व्यवस्था बनाए रखने के लिए चंद्रप्रकाश महोबिया को परिक्षेत्राधिकारी नंदनवन (निधिघर) रायपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं सहायक वन संरक्षक आरपी दुबे से अधीक्षक नंदनवन मिनी जू रायपुर का अतिरिक्त प्रभार वापस लेकर उपवनमंडलाधिकारी आनंद कुदरिया को जिम्मेदारी दी गई है।
निर्माण कार्यों में नियमों की अनदेखी का आरोप
विभाग को भेजी गई शिकायत में नंदनवन अधीक्षक पर मनमानी, कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और वित्तीय अनियमितताओं जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। शिकायत में कई योजनाओं और निर्माण कार्यों में नियमों की अनदेखी का भी उल्लेख किया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी।