
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सरपंच के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई। इसके बाद महिला ने उसकी फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। फिर आरोपी ने महिला की तस्वीरों पर गलत और आपत्तिजनक कमेंट करने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं, उसने उसकी फोटो को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से भी वायरल कर दिया।
गौरेला थाने में दर्ज कराई शिकायत
जब पीड़िता को इस घटना का पता चला, तो उसने संबंधित सरपंच से संपर्क किया। बातचीत में यह खुलासा हुआ कि सरपंच के नाम पर एक फर्जी अकाउंट बनाया गया है। इसके बाद, पीड़िता ने गौरेला थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल की सहायता से अज्ञात आरोपी की पहचान की जा रही है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने पुष्टि की कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने आम जनता से सोशल मीडिया पर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल शिकायत करने की अपील की है।