
नगर निगम जोन-2 के अधिकारियों के मुताबिक, हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड में नाला क्षेत्र की सरकारी जमीन को क्षतिग्रस्त करने की शिकायत मिली थी। इसके बाद आयुक्त ने स्थल का निरीक्षण किया। जोन कमिश्नर संतोष पांडेय को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त संबित मिश्रा ने तेलघानी नाका नाला, जोन-10 के गोदड़ीवाला नगर और महात्मा गांधी वार्ड के नालों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बारिश से पहले नालों की गहराई तक सफाई कराने और पानी निकासी सुचारु रखने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि, बारिश के दौरान जलभराव की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संवेदनशील इलाकों में पहले से सफाई और निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पांडेय, जोन-2 के कार्यपालन अभियंता पीडी घृतलहरे, जोन-10 के कार्यपालन अभियंता गजाराम कवर समेत निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सुशासन तिहार में अतिक्रमण के आए सबसे ज्यादा आवेदन
सुशासन तिहार के दौरान भी सबसे ज्यादा शिकायतें अतिक्रमण और अवैध प्लाटिंग की आ मिल रही हैं। जिसके बाद महापौर ने भी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि, निगम क्षेत्र में बिना अनुमति किए गए सभी निर्माण अवैध माने जाएंगे।
ऐसे मामलों में संबंधित जोन अधिकारी तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण तोड़ें। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।