
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
बैरिकेडिंग कर पकड़ा गया पिकअप वाहन
पुलिस को सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र की ओर अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के बाद कोठीटोला कैम्प के सामने बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान अशोक लीलैंड पिकअप वाहन (CG 37 J 3903) को रोककर तलाशी ली गई।
बेरहमी से बांधे गए थे मवेशी
वाहन की जांच में 5 गौवंशीय पशु बरामद हुए, जिनमें 4 बैल और 1 गाय शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक तस्करों ने पशुओं के पैर और गले को बेरहमी से बांध रखा था। आरोपियों के पास परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
पुलिस ने आशंका जताई है कि मवेशियों को कत्लखाने ले जाया जा रहा था।
गौवंश सहित 7.25 लाख का सामान का जब्त
जब्त किए गए सामान में 25 हजार रुपये कीमत के पांच गौवंशीय पशु और लगभग 7 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन शामिल है। कुल जब्त मशरूका 7.25 लाख रुपये आंका गया है।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अक्षय अशोक तुरकर (24), निवासी मरामजोब, साल्हेकसा, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र); फिरतु कंवर (55), निवासी मांगीखुंटा, थाना बोरतलाव; और पुरुषोत्तम नाईक (45), निवासी मरामजोब, साल्हेकसा, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है।