रायपुर में 4 साल से फरार चल रहे इंडसइंड बैंक के कर्मचारी मनीष राव कदम को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर में 4 साल से फरार चल रहे इंडसइंड बैंक के कर्मचारी मनीष राव कदम को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक ग्राहक के निजी डॉक्यूमेंट का दुरुपयोग करते हुए उसकी जानकारी के बिना फर्जी फर्म के नाम पर बैंक खाता खोलकर विदेशों से अवैध लेनदेन किया था।

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी मनीष राव कदम (45 साल) लगातार फरार चल रहा था। जिसे पुलिस ने 15 दिसंबर को विधानसभा के अविनाश कैपिटल होम्स सोसायटी से पकड़ा है।मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है।

ED से समन आने के बाद हुआ खुलासा

रायपुर के रहने वाले पीड़ित अजय कुमार यदु ने मौदहापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ब्राम्हणपारा महितोष चौक में उसकी ऑफसेट प्रिंटर्स की दुकान है।

उसके साले के परिचित मनीष कदम, जो इंडसइंड बैंक में काम करता था, दुकान पर आया और फर्म का चालू खाता खुलवाने के नाम पर अधिक ब्याज की बात कहकर प्रार्थी से दस्तावेजों और हस्ताक्षर लिए। कुछ दिन बाद उसने चेकबुक भी सौंप दी।

दिसंबर 2019 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से समन मिलने के बाद पीड़ित को पता चला कि उसे ‘कन्हैया सेल्स’ नामक फर्म का फर्जी प्रोप्राइटर बनाकर आरोपी मनीष कदम और उसके सहयोगियों ने बैंक खाता खोला और विदेशों से अवैध धन-लेनदेन किया।

इस पर थाना मौदहापारा में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।

कई ठिकानों में दबिश के बाद रायपुर से पकड़ाया

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश में कई ठिकानों पर दबिश दी। हाल ही में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन रायपुर में मिली।

जिसके बाद टीम ने विधानसभा के अविनाश कैपिटल होम्स सोसायटी से आरोपी मनीष राव कदम (45 साल) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।