छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ACB ने छाल तहसील के क्लर्क को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ACB ने छाल तहसील के क्लर्क को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। क्लर्क ने जमीन के रिकॉर्ड में नाम सुधार कराने के बदले कुल 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी की थी।

शिकायत मिलने के बाद ACB ने कार्रवाई की और शुक्रवार को छाल तहसील कार्यालय में दबिश देकर 60 हजार रुपए लेते हुए आरोपी तुलाराम पटेल को गिरफ्तार कर लिया।

शिकायतकर्ता भानुप्रताप पटेल की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल ACB टीम मामले की जांच कर रही है।

अब जानिए पूरा मामला

मामला तब सामने आया जब ग्राम धसकामुड़ा निवासी भानुप्रताप पटेल ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत की। शिकायत में बताया गया कि उनकी परिचित कंचन बाई की जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में नाम गलत दर्ज हो गया था और उसे ठीक कराने के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन दिया गया था।

इसी काम यानी नाम सुधार के बदले तहसील में पदस्थ बाबू तुलाराम पटेल ने 1 लाख रुपए की मांग की थी। लेकिन शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। भानुप्रताप ने क्लर्क को रंगे हाथों पर पकड़वाने का फैसला किया।

शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत शुक्रवार को शिकायतकर्ता को 60 हजार रुपए की पहली किश्त लेकर तहसील कार्यालय भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने पैसे लिए, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

मौके से 60 हजार रुपए की रकम भी बरामद कर ली गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से सहायक शिक्षक है, जो तहसील कार्यालय में बाबू के रूप में अटैच था।

एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो तुरंत इसकी सूचना दें, ताकि ऐसी कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version