जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जामजूनवानी खारापारा में प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई

Chhattisgarh Crimesजशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जामजूनवानी खारापारा में प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने युवक को जमीन पर पटककर पत्थर से उसका सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी आपस में पिता, पुत्र और चाचा हैं। हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

मृतक की पहचान सुशील खलखो (34) निवासी ग्राम जामजूनवानी के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों में जयलाल एक्का (34), जयमन एक्का (36) और एक 17 वर्षीय किशोर शामिल हैं। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

3-4 साल पुराना था प्रेम संबंध का विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सुशील खलखो और आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच करीब 3 से 4 साल पहले प्रेम संबंध थे। इस विवाद को लेकर पहले भी मामला दर्ज हुआ था, जिसमें सुशील खलखो जेल जा चुका था। वह करीब डेढ़ माह पहले ही जमानत पर बाहर आया था।

बताया जा रहा है कि जेल से बाहर आने के बाद भी मृतक और महिला के बीच संपर्क जारी रहा। सामाजिक स्तर पर बैठक के बाद परिस्थितियों के अनुसार महिला को मृतक के साथ रहने की सहमति दी गई थी। इसके बाद से आरोपी परिवार में लगातार आक्रोश बना हुआ था।

घर के बाहर मारपीट के बाद पत्थर से किया हमला

पत्थलगांव पुलिस को 27 मई 2026 को हत्या की सूचना मिली। थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां सुशील खलखो मृत अवस्था में मिला।

प्रार्थिया जानकी लकड़ा (35) ने पुलिस को बताया कि घटना की रात करीब 11 बजे उसने अपने घर के बाहर शोर-शराबा सुना। बाहर निकलने पर देखा कि तीनों आरोपी मिलकर सुशील खलखो के साथ मारपीट कर रहे थे।

इसी दौरान आरोपियों ने उसे जमीन पर पटक दिया और पास में पड़े पत्थर से सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर को भी जब्त कर लिया है। नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग से उपजे विवाद में हुई इस हत्या के मामले में एक नाबालिग बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version